चंपावत। जिले के विभिन्न विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, कार्यालयों में आउट सोर्सिग से तैनात वाहन चालकों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर शासनादेश के अनुरूप उन्हें राज्य कर्मचारी घोषित किए जाने की मांग उठाई है। ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि 30 सितंबर 2013 को राज्य सरकार की ओर से पांच वर्ष की सेवा करने वाले कर्मचारियों को नियमित किए जाने संबंधी शासनादेश निर्गत किया गया था।
संघ के प्रयासों से आठ माह पूर्व इस संबंध में जिला प्रशासन की ओर से सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को शासनादेश भेजा गया था। लेकिन आठ माह का समय बीतने के बाद भी शासनादेश कार्यालयों में नहीं पहुंचा है और न ही कोई कार्रवाई की गई है। जिससे सभी वाहन चालक अपने को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। ज्ञापन देने वालों में वाहन चालक संघ के महामंत्री रमेश जोशी के नेतृत्व में ज्ञापन देने वालों में गोविंद सिंह, सुरेश सिंह फर्त्याल, अंबादत्त तिवारी, दीपक थ्वाल, राजेश चंद्र, नंदाबल्लभ जोशी, अनिल फर्त्याल, सूरज चौधरी, रवि भट्ट, शिवदत्त जोशी आदि वाहन चालक शामिल हैं।