चंपावत। चंपावत जिले की 23 साधन सहकारी समितियों के कैडर सचिव 19 फरवरी से हड़ताल पर हैं। हड़ताल से प्रभावित हो रहे कार्य को देखते हुए सहकारी समितियों के निबंधक द्वारा सक्षम अधिकारियों की मौजूदगी में 14 मार्च को दिए गए निर्देश पर चंपावत जिले में दो साधन सहकारी समितियों के ताले तोड़ कामकाज शुरू करवा दिया गया है।
सहकारिता विभाग के जिला सहायक निबंधक पीएस राणा ने बताया कि धर्मघर व बाराकोट की समितियों के ताले सक्षम प्राधिकारियों की मौजूदगी में तोड़े जा चुके हैं। धर्मघर समिति का दायित्व लोहाघाट के सहायक विकास अधिकारी कमला महरा और बाराकोट साधन सहकारी समिति का चार्ज बाराकोट के एडीओ विजय वर्मा को दिया गया है। यह अधिकारी समितियों के अभिलेखों के मिलान के बाद कर्जदार किसानों द्वारा जमा कराए जा रही राशि को ले रहे हैं। गौरतलब है कि कैडर सचिव अपनी मांगों को लेकर 19 फरवरी से हड़ताल पर हैं। इसके चलते समितियों के ऋण देने, दिए ऋण की वसूली, खाद वितरण सहित अन्य कार्य प्रभावित हो रहे हैं।