चंपावत। जिला मुख्यालय के नजदीक डुंगरासेठी के ग्रामीणों की गुहार पर एडीएम हेमंत कुमार वर्मा के निर्देश पर एसडीएम सदर सीमा विश्वकर्मा ने सड़क विवाद को लेकर मौका मुआयना किया।
मंगलवार को एसडीएम ने राजस्व टीम के साथ सड़क पर काटी गई जमीन की नाप जोख की। उन्होंने पाया कि सड़क निर्माण में कुछ हिस्सा अशोक चौधरी की भूमि का भी कट रहा है। अशोक चौधरी के विरोध जताने पर उन्होंने सड़क को अन्यत्र जगह से ले जाने के निर्देश दिए हैं।
बताते चलें कि सोमवार को ग्रामीणों ने एडीएम से सड़क निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की गुहार लगाई थी। उनका कहना है कि गांव का ही एक व्यक्ति बार-बार सड़क निर्माण कार्य में अनावश्यक बाधा डाल रहा है। इसके कारण सड़क निर्माण में विलंब हो रहा है।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य गोविंद सामंत, क्षेत्र पंचायत सदस्य भगवत चौधरी, ग्राम प्रधान महेश चौधरी, पूर्व प्रधान मोहन चौधरी, देव सिंह, पुष्कर सिंह, हरीश राम, ईश्वर सिंह आदि ग्रामीण मौजूद रहे।