टनकपुर (चंपावत)। थ्वालखेड़ा ग्राम प्रधान पद के उप चुनाव में शनिवार को पंचायत घर में बने मतदान केंद्र में सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक चले मतदान में 70 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। ग्राम पंचायत के 689 मतदाताओं में से 484 मतदाताओं ने तीन प्रत्याशियों के भाग्य पर मुहर लगाई।
पीठासीन अधिकारी अर्जुन सिंह ने बताया कि 18 दिसंबर को चंपावत के गोरलचौड़ मैदान में मतों की गिनती कर परिणाम घोषित किया जाएगा। बता दें कि ग्राम प्रधान पद के लिए उप चुनाव में गिरीश चंद्र जोशी, सुंदर सिंह और संजय जोशी मैदान में थे। निवर्तमान ग्राम प्रधान सतीश पांडेय द्वारा इसी वर्ष मई माह में पद से इस्तीफा देने के बाद से ग्राम प्रधान का पद रिक्त था।