चंपावत। बस स्टेशन में इन दिनों युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। प्रशासन ने दावा किया है कि नए साल से चंपावत बस स्टेशन काम करने लगेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़ी होने वाली बसें जनवरी से बस अड्डे में खड़ी होना शुरू हो जाएंगी। शनिवार को प्रशासन ने बस अड्डे में पिथौरागढ़ की तरफ गेट को खोल दिया।
एडीएम हेमंत वर्मा ने बताया कि पिथौरागढ़ की तरफ खोले गए गेट के निर्माण में एक आवासीय भवन का कुछ हिस्सा आ रहा है, जिसे भवन स्वामी से वार्ता के बाद रविवार को तोड़ दिया जाएगा।
इसके एवज में भवन स्वामी को बस अड्डे के पीछे की तरफ जमीन दी जाएगी। बताया कि बस अड्डे के दोनों तरफ के गेटों पर नाली निर्माण किया जाएगा और ह्यूम पाइप डाल दिए जाएंगे।
इसके अलावा खेतीखान तिराहे में लगी हाइमास्ट लाइट को बस अड्डे में शिफ्ट किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए शौचालय और मूत्रालय का निर्माण किया जा रहा है।