चंपावत। जिले में सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, सैन्य अधिकारियों, सेना कार्मिकों, सैनिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम डॉ.अहमद इकबाल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के परिपालन में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी पूर्व कर्नल विजय सिंह थापा को नोडल अधिकारी सर्विस नामावली के रूप में नामित किया गया है।
उन्होंने नोडल अधिकारी को सैनिक दिवस 15 जनवरी के अवसर पर सेना संस्थाओं, सेना बाहुल्य क्षेत्रों एवं केंट एरिया आदि में व्यापक रूप से पंजीकरण एवं जागरूकता शिविरों का संचालन करने, कार्यक्रमों में सेना पदाधिकारियों को आमंत्रित एवं सैनिक स्कूलों में भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस के कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सेवा मतदाताओं के साथ निवासरत उनकी पत्नी को भी इस शिविर के माध्यम से सर्विस निर्वाचक नामावली में सेवा मतदाता के रूप में पंजीकृत एवं जन जागरूकता पंजीकरण अभियान संचालन के संबंध में विभिन्न प्रकार के पोस्टर, पंपलेट से प्रचार-प्रसार करने को कहा है।