सातवें वेतन आयोग का लाभ न मिलने पर रोष
लोहाघाट (चंपावत)। उत्तराखंड वन विकास निगम कर्मचारी संगठन की बैठक में विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। कर्मचारियों को सातवें वेतन का लाभ नहीं मिलने पर रोष जताया गया। साथ ही 16 जून से देहरादून में होने वाले धरना-प्रदर्शन और आंदोलन की रूपरेखा तय की गई।
शिवालय मंदिर मार्ग पर वन निगम के टाल भवन में संगठन जिलाध्यक्ष महेश चंद्र जोशी की अध्यक्षता और मंत्री चतुर सिंह बडेला के संचालन में आयोजित बैठक में वक्ताओं का कहना था कि शासन द्वारा अब तक उन्हें सातवें वेतन का लाभ नहीं दिया गया है। इसके चलते कर्मचारियों में काफी रोष है। वक्ताओं ने टाल परिसर में लोगों द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण पर गहरी नाराजगी जताते हुए अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की। वन निगम कर्मचारियों ने गिरे, सूखे पेड़ों के निस्तारण के लिए छपान की कार्रवाई समय से शुरू कराने की भी मांग की। जिलाध्यक्ष जोशी ने बताया कि अपनी मांगों को लेकर 16 जून से देहरादून में किए जाने वाले धरना-प्रदर्शन और आंदोलन में भाग लेने के लिए चंपावत जिले से भी बड़ी संख्या में कर्मचारी 15 जून को जाएंगे।
बैठक में चतुर सिंह मेहता, गणेश भट्ट, पान सिंह कुल्याल, मोहन सिंह, मनोहर सिंह कुंवर, पूरन सिंह बिष्ट समेत चंपावत, भिंगराड़ा, पिथाौरागढ़, बेड़ीनाग के कर्मचारी मौजूद थे।