लोहाघाट (चंपावत)। डाकघर के सर्वर में आई खराबी 18 दिन बाद ठीक हो सकी। सर्वर के काम करने से लोगों ने राहत की सांस ली। इसी के साथ डाकघर का तमाम कामकाज सुचारु रूप से शुरू हो गया। सर्वर ठीक होने की जानकारी मिलने पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी थी।
पिछले साल 26 दिसंबर को डाकघर के इंटरनेट संबंधी कुछ उपकरण फुंकने से डाकघर में कामकाज ठप था। इसके चलते लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। बृहस्पतिवार की देर शाम को हल्द्वानी, पिथौरागढ़ से आए तकनीशियनों ने उपकरणों में आई तकनीकी खराबी को दूर किया।
डाकघर में शुक्रवार से काम शुरू होने पर लोगों को काफी राहत मिली। पोस्टमास्टर पीएन कापड़ी का कहना है कि सर्वर में आई खराबी के दूर होने से भुगतान, कैश जमा करने समेत सावधि जमा (आरडी), स्पीडपोस्ट आदि काम सुचारु हो गए हैं।
डाकघर में तकनीकी खराबी के कारण कामकाज ठप होने से लोगों को 13 किमी दूर चंपावत की दौड़ लगानी पड़ रही थी। सबसे अधिक दिक्कतें विभिन्न विभागों में निकली भर्तियों के लिए आवेदन करने वाले नौजवानों को हुई। जिन्हें स्पीड पोस्ट कराने के लिए चंपावत जाकर धन, समय बर्बाद करने को मजबूर होना पड़ रहा था।
लोहाघाट (चंपावत)। प्रधानमंत्री छात्रवृत्ति योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के द्वितीय कमान अधिकारी भानुप्रताप सिंह ने बताया कि अर्द्धसैनिक बलों के अधीनस्थ अधिकारी, कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मी, मृत कर्मियों के बच्चे छात्रवृत्ति का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करने में किसी प्रकार की दिक्कत होने पर लोहाघाट स्थित आईटीबीपी 36वीं वाहिनी की कल्याण शाखा में संपर्क करने को कहा गया है।