एएनएम केंद्र के लिए नहीं बनी रोड
- फोटो : अमर उजाला
श्रीरीठा साहिब (चंपावत)। लधिया घाटी के भिंगराड़ा के मातृ शिशु एवं परिवार कल्याण उप केंद्र (एएनएम सेंटर) तक जाने वाला रास्ता बदहाल है। इसके चलते गर्भवती महिलाओं और शिशुओं को टीकाकरण के लिए यहां पहुंचने में असुविधा हो रही है। कई बार मांग करने के बावजूद यह रास्ता ठीक नहीं हो सका है।
श्रीरीठा साहिब के एएनएम केंद्र में करीब तीन साल से ताला लटका है। ऐसे में लधिया घाटी के दो दर्जन से अधिक गांवों के लोगों के लिए भिंगराड़ा का ये उप केंद्र खासा मददगार है। एएनएम गंगोत्री धामी ने बताया कि यहां हर माह करीब 200 महिलाएं और शिशु टीकाकरण के लिए आते हैं।
इसके अलावा स्वास्थ्य संबंधी दूसरी जानकारियों के लिए भी लोग यहां पहुंचते हैं, मगर लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने वाले केंद्र तक पहुंचने के लिए कायदे का रास्ता नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि एएएनम केंद्र तक पहुंचने के लिए करीब एक किमी पैदल रास्ता है, लेकिन इसका ज्यादातर हिस्सा झाड़ियों से पटा होने के साथ ही कच्चा भी है।
इस जोखिमभरे मार्ग से गर्भवती महिलाओं और शिशुओं को एहतियात के साथ गुजरना पड़ता है। पैरा लीगल वालंटियर उमेश भट्ट, रमेश भट्ट, दिनेश भट्ट, कृष्ण भट्ट, धर्मानंद आदि का कहना है कि इस रास्ते को सीसी मार्ग में बदलने की कई बार मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। चुनाव बाद इसे मुद्दे को फिर से उठाया जाएगा।