चंपावत। 15 किलोमीटर दूर धौन में शनिवार को पिकअप के जरिये भेजे गए रसोई गैस सिलिंडर में से कुछ में दो किलोग्राम गैस कम निकली। इससे ग्राहकों में आक्रोश है। धौन निवासी हरीश उप्रेती ने सोशल मीडिया के जरिये इसकी शिकायत की है।
बताया कि शनिवार को गैस गोदाम चंपावत से आई पिकअप जीप के जरिये रसोई गैस सिलिंडर को रिफिल कराया। कुछ देर बाद उन्होंने दुकान पर सिलिंडर का वजन किया, तो उसमें 14.3 किलो के बजाय दो किलो गैस कम निकली। बाद में उन्होंने धर्म सिंह, रूप सिंह, जोगाराम के सामने रसोई गैस को तुलवाया। उसके बाद कुछ अन्य लोगों द्वारा भी सिलिंडर में कम गैस होने की शिकायत की जाने लगी।
इधर गैस केेंद्र के प्रबंधक प्रदीप कार्की का कहना है कि गैस सिलिंडर वितरित करने वाली पिकअप जीप के पास सिलिंडर को तौलने के लिए तराजू दिया गया है। उपभोक्ताओं को वजन कराने के बाद ही सिलिंडर लेनी चाहिए थी। अलबत्ता उन्होंने मामले की पड़ताल करने की बात कही है।