चंपावत। जिला मुख्यालय के भारतीय स्टेट बैंक में स्टाफ की कमी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। स्टाफ की कमी के चलते एसबीआई में आए दिन भीड़ लग रही है। कैश काउंटर में एक ही अधिकारी होने के कारण काफी लंबी लाइन लग जा रही है।
जिसमें दूर-दूर से आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घंटों तक लाइन में लगे रहने से लोगों के कई काम छूट जा रहे हैं। कई बार तो उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच विवाद की स्थिति पैदा हो जा रही है। एसबीआई के मुख्य प्रबंधक एनआर जौहरी ने बताया कि वर्तमान में बैंक की मुख्य शाखा में एक पद कैश अधिकारी व तीन लिपिकों के पद खाली हैं, जिसका असर बैंकिंग कार्यों में पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि रिक्त पदों को भरने के लिए उच्चाधिकारियों से मांग की गई है। जल्दी ही इन पदों पद पर तैनाती हो जाएगी।