टनकपुर (चंपावत)। निकाय चुनाव की मतदाता सूची बनाने में लापरवाही से शहर के वार्ड सात में दो पूर्व सभासदों समेत करीब 80 परिवारों के वोटरों के नाम मतदाता सूची से गायब हैं। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम को ज्ञापन भेजकर सूची में नाम दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि सूची बनाने में बरती गई लापरवाही से वे आगामी निकाय चुनाव में वोट देने के अधिकार से वंचित रह जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम को भेजे ज्ञापन में लाल इमली पड़ाव वार्ड के पूर्व सभासद महेश प्रकाश आर्य, रीता देवी ने कहा कि वार्ड में वोटरों की संख्या करीब 1100 है, लेकिन इस बार बनाई गई सूची में सिर्फ 766 वोटरों के ही नाम दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि सूची बनाने की बरती गई लापरवाही के कारण 70-80 परिवारों के करीब 400 से अधिक वोटर निकाय चुनाव में मतदान से वंचित रह जाएंगे। पूर्व सभासद महेश प्रकाश ने कहा है कि उन्हें मतदान का अधिकार नहीं दिया गया तो वह कानूनी कार्रवाई को मजबूर होंगे। ज्ञापन में सुशील कुमार, कमलेश, सोनी गुप्ता, निर्मल गुप्ता, श्याम सुंदर, रहीसुद्दीन, उजमा कुरैशी, रेशमा, सलीम कुरैशी, मो. साबिर, नसीम अली, फरीदा, कृष्णानंद जोशी, नीलम देवी, लीला मंगला, गीता बिष्ट, नीलम देवी, शालिनी कुमारी आदि मतदाताओं के हस्ताक्षर हैं।
मतदाता सूची बनाने में लापरवाही
टनकपुर के वार्ड सात के सैकड़ों मतदाताओं के नाम सूची से गायब
वार्ड के दो पूर्व सभासदों के परिजनों के नाम भी गायब