चंपावत/लोहाघाट/टनकपुर। धनतेरस के मौके पर सोमवार को जिलेभर के बाजार गुलजार रहे। जिले में करीब 13 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। ये आंकड़ा पिछले वर्ष हुए 12 करोड़ से एक करोड़ रुपये ज्यादा है। ऑटोमोबाइल, ज्वेलरी की खरीद में गिरावट रही। जिले में 150 दोपहिया वाहनों के साथ ही 63 चौपहिया वाहनों की बिक्री हुई।
हुंडई कार केंद्र के प्रतिनिधि शिवराज सिंह ने बताया कि चंपावत में हुंडई की 13 कारें बिकी। आकांक्षा ऑटोमोबाइल की ओर से 50 मारुति कारों की बिक्री हुई। लोहाघाट में बजाज शोरूम के स्वामी भूपाल सिंह मेहता ने बताया कि इस वर्ष 15 दोपहिया वाहन बेचे। जो पिछले साल की अपेक्षा कम रहा। इलेक्ट्रॉक्सि के व्यापारी नवीन सुतेड़ी, केसी ओली, जगदीश चंद्र राय, जीवन खर्कवाल, एलएम राय आदि का कहना है कि एलईडी टीवी की मांग सबसे ज्यादा रही। रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, मिक्सी, होम थिएटर, मोबाइल भी खूब बिके। इलेक्ट्रॉनिक्स की खरीद में करीब चार करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। बर्तन व्यापारी रमेश गड़कोटी, कुंदन बिष्ट, विनोद पांडेय, गोविंद जोशी, भैरव दत्त राय, सतीश गड़कोटी, प्रकाश राय, दिनेश बोहरा, खर्कवाल का कहना था कि इस वर्ष बर्तनों कारोबार ठीक रहा। स्वर्णकार नीरज वर्मा, अशोक वर्मा, देवी लाल वर्मा, गौरव वर्मा, गोविंद वर्मा, मदन वर्मा, पप्पू वर्मा, विपिन वर्मा, किशोरी लाल वर्मा आदि का कहना था कि इस वर्ष पिछले वर्ष की अपेक्षा करीब दस फीसदी कम रहा। जेवरात की दुकानों में सबसे अधिक खरीद सोने के आभूषण, चांदी के सिक्कों की रही।
धनतेरस पर चंपावत जिले की बिक्री :
ऑटोमोबाइल (कार, दोपहिये) : 4.25 करोड़
आभूषण : 3.35 करोड़
इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम : 4.00 करोड़
बर्तन व अन्य आइटम : 1.50 करोड़
कुल 13.10 करोड़
बाजारों में रही चहल-पहल, कई बार लगा जाम
चंपावत/लोहाघाट। धनतेरस के मौके पर चंपावत, लोहाघाट, पाटी, बाराकोट के बाजारों में काफी चहल-पहल रही। लोगों ने दोपहिया वाहन, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री, बर्तन, सोने के आभूषणों की खूब खरीदारी की। इसके बावजूद कई व्यापारियों के अनुमान के हिसाब से बिक्री नहीं हुई। धनतेरस को लेकर व्यापारियों ने अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया था। सुबह से ही लोगों का खरीदारी के लिए बाजार आने का क्रम शुरू हो गया था। बाजार में भारी भीड़ के चलते रुक-रुक कर जाम की स्थिति पैदा हो रही थी। जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस, यातायात पुलिस कर्मियों की पुख्ता व्यवस्था की गई थी।