चंपावत। जिले में धौन-बडोली सड़क की मांग को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पूर्व प्रस्तावित सर्वे के अनुसार सड़क का निर्माण नहीं करने से नाराज धौन, बडोली के ग्रामीणों ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। बरसात के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाओं और ग्रामीणों ने डीएम के समक्ष प्रस्तावित मार्ग का निर्माण जल्द से जल्द शुरू करने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंप पीएमजीएसवाई के अधिकारियों पर निर्धारित स्थान के बजाए अन्यत्र से सड़क निर्माण करने में जल्दबाजी की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना था कि आठ किमी लंबे धौन-बडोली मोटर मार्ग के लिए मझेड़ा और बडोली की आबादी को मानक बनाया गया है। लेकिन पीएमजीएसवाई की ओर से मोटर मार्ग का सर्वे धौन से न कर धौन से सात किमी दूर स्वांला से कर दिया गया है। इस सर्वे के कारण मझेड़ा के ग्रामीणों को सड़क से वंचित होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की आपत्ति के बाद एसडीएम के स्थलीय निरीक्षण में भी मझेड़ा के ग्रामीणों की आपत्ति को सही पाया गया था, लेकिन एसडीएम की रिपोर्ट को अनदेखा कर धौन के बदले स्वांला से सड़क निर्माण का प्रयास किया जा रहा है। जिसका ग्रामीण पुरजोर विरोध करेंगे। प्रदर्शन करने और डीएम को ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान नारायण दत्त भट्ट, श्याम प्रसाद, दुर्गादत्त भट्ट, बंशीधर, मोतीराम, डिकरदेव, सुरेश चंद्र, बलदेव, रमेश चंद्र, लीलाधर भट्ट, कुंवर देव, कमल चंद्र, बची राम, शिव दत्त, मनी राम, जय दत्त, कलावती देवी सहित तमाम ग्रामीण शामिल रहे।