टनकपुर (चंपावत)। बारहमासी सड़क की ठेकेदार कंपनी ने बस्तिया गांव में सड़क की सुरक्षा दीवार को ऊंचा करने का काम शुरू कर दिया है। वहीं, कंपनी ने गांव के पास लगे मिक्सर प्लांट के प्रदूषण को भी नियंत्रित कर दिया है।
टनकपुर से पिथौरागढ़ तक बारहमासी सड़क निर्माण कार्य में सड़क की कटिंग के बाद ठेकेदार एजेंसी द्वारा सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन बस्तिया में ग्रामीणों के खेतों से कम ऊंचाई की दीवार बनाने से ग्रामीण भूकटाव की आशंका से चिंतित थे। वहीं गांव के पास लगाए मिक्सर प्लांट से निकल रहे धुएं से प्रदूषण फैलने से भी ग्रामीण परेशान थे। दीवार ऊंची करने एवं प्रदूषण की रोकथाम की मांग को लेकर ग्रामीणों ने दो बार प्लांट के पास प्रदर्शन कर विरोध जताया था। इस पर ठेकेदार कंपनी ने अब दीवार को ऊंचा करने का काम शुरू कर दिया है। वहीं, प्रदूषण रोकने के लिए कंपनी ने एल्बो लगाकर प्लांट की चिमनियों को पानी के टैंक में डाल दिया है।