लोहाघाट (चंपावत)।
पाटन-पाटनी स्थित अल्पाइन कान्वेंट स्कूल में कई खामियां मिलीं। यहां न तो सीसीटीवी कैमरे लगे थे और नहीं अग्नि सुरक्षा यंत्र लगाए गए थे। विद्यालय में तीन शौचालय बनाए गए हैं, जो निचले तल में होने के कारण छात्र-छात्राओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विद्यालय में छात्र संख्या के अनुपात में शौचालय कम मिले। स्कूल प्रबंधन समिति का भी गठन नहीं किया गया है। अभिभावकों से प्रस्ताव पास किए बिना मनमाने ढंग से फीस बढ़ाने का भी मामला सामने आया। जिला शिक्षाधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) सत्यनारायण ने स्कूल के हर तल में छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय बनाने के साथ सभी व्यवस्थाएं ठीक करने के निर्देश दिए।
मुक्ता मैमोरियल होली विजडम स्कूल में ज्यादातर व्यवस्थाएं ठीक पाई गई। अलबत्ता स्कूल बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, बस में एक महिला कर्मी की तैनाती करने, स्कूल के पिछले पांच वर्षों के दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। एनसीईआरटी की पुस्तकों को अनिवार्य किए जाने के बाद कई निजी स्कूलों और पुस्तक विक्रेताओं के प्रतिष्ठान का भी औचक निरीक्षण किया गया। छात्र-छात्राओं के बैग में रखी पुस्तकों का निरीक्षण किया। इसके अलावा बगौली पुस्तक भंडार, जगदंबा पुस्तक भंडार, श्याम पुस्तक भंडार आदि का भी मुआयना किया। निरीक्षण में वरिष्ठ सहायक बालेश गहतोड़ी भी मौजूद थे।