लघु पौधशाला का भुगतान न होने से काश्तकार परेशान
डीएम को ज्ञापन सौंप उठाई भुगतान कराने की मांग
चंपावत। उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की ओर से दो साल पूर्व कराए गए लघु पौधशाला निर्माण का भुगतान नहीं किए जाने के कारण काश्तकार परेशान हैं। इस संबंध में शुक्रवार को काश्तकारों ने डीएम डॉ.अहमद इकबाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा तथा लंबित भुगतान की मांग उठाई। बिंगराकोट के काश्तकार दयानाथ की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि उद्यान विभाग की ओर से अनुदान की तीन लाख रुपये की धनराशि बीते दो सालों से रोकी गई है। जबकि इस मद में विभाग के पास बजट उपलब्ध है। डीएम ने इस मामले को गंभीरता से संज्ञान लेते हुए जिला उद्यान अधिकारी एनके आर्या से जांच रिपोर्ट तलब की है।
बाक्स
11 काश्तकारों ने दी आमरण अनशन की चेतावनी
चंपावत। उद्यान विभाग की ओर से लघु पौधशाला का भुगतान एक सप्ताह के भीतर न किए जाने पर 11 काश्तकारों ने डीएम कार्यालय में आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है। आमरण अनशन की चेतावनी देने वालों में चंपावत के कृष्णानंद, मोहन चंद्र, हरीश जोशी, मथुरा दत्त जोशी, महेश जोशी, नित्यानंद पंगरिया, सुरेश जोशी तथा पाटी ब्लाक के राधा पनेरू, मोहन सिंह, दया नाथ और हीरा सिंह आदि काश्तकार शामिल हैं।