चंपावत। मां पूर्णागिरि धाम के मेले में महज 12 दिन शेष हैं। मेले की तैयारियों को अभी अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है। रविवार को सहायक मेलाधिकारी विजय उप्रेती, कनिष्ठ अभियंता नंद किशोर उप्रेती और मंदिर कमेटी के अध्यक्ष पंडित भुवन चंद्र पांडेय ने मेला क्षेत्र का मुआयना कर 26 फरवरी तक सभी व्यवस्थाओं को पूरा करने की बात कही।
मेला क्षेत्र में बिजली की लाइन बिछाने का काम भी रविवार से शुरू कर दिया गया है। पुलिस, स्वास्थ्य, सफाई, पेयजल सहित मेला व्यवस्था में लगे तमाम विभागों के लिए आवासीय व्यवस्था भी की जा रही है। लोक निर्माण विभाग ने भी खराब रास्तों की मरम्मत शुरू कर दी है। मेला क्षेत्र में वाहन पार्किंग को लेकर आज सोमवार को टनकपुर एसडीएम कार्यालय में ठेके होंगे। इस बार सिर्फ एक ही वाहन पार्किंग ऊचौलीगोठ क्षेत्र में तय की गई है। मेला तीन मार्च से शुरू होकर 101 दिनों तक चलेगा।
25 बोरे पॉलीथिन एकत्र किए
मां पूर्णागिरि धाम मेले में सुरक्षा के पुलिस ने खास बंदोबस्त करने का दावा किया है। पुलिस ने मेला क्षेत्र में बिखरे पड़े प्लास्टिक, पॉलीथिन और अन्य सामग्रियों को एकत्र किया। पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल का कहना है कि इसमें रिसाइकल होने वाले प्लास्टिक को रिसाइकलिंग केंद्र भेजा जाएगा।