बनबसा (चंपावत)। शारदा नहर में सोमवार को पानी छोड़ने के बाद देर रात लोहियाहेड पावर हाउस में बिजली उत्पादन शुरू हो गया है। 19वें दिन विद्युत गृह में 15 मेगावाट बिजली बनने लगी है।
लोहियाहेड पावर हाउस प्रशासन द्वारा रखरखाव कार्यों के लिए 9 से 25 नवंबर तक यूपी सिंचाई प्रशासन की मदद से शारदा नहर की जलापूर्ति बंद कराई थी। यूपी सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता एके सैंगर के निरीक्षण के बाद सोमवार को दोपहर एक बजे बाद नहर में पानी छोड़ दिया गया था।
मध्यरात्रि बाद करीब 2.15 बजे लोहियाहेड पावर हाउस में विद्युत उत्पादन शुरू हो गया। पावर हाउस प्रशासन के मुताबिक करीब 15 मेगावाट बिजली बननी शुरू हो गई है। शारदा बैराज के अटैंडेंट जगदीश श्रीवास्तव के मुताबिक नहर में 3500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। नदी में करीब 5122 क्यूसेक पानी प्रवाहित हो रहा है। कम पानी होने से पावर हाउस की एक टरबाइन ही चलाई जा रही है।