बनबसा (चंपावत)।
तहसीलदार जोगा सिंह ने रविवार को भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय मार्ग की वीडियोग्राफी कराई। यह मार्ग मरम्मत के बाद पहली बरसात में ही गड्ढों में तब्दील हो गया। इस मार्ग की गुणवत्ता विहीन मरम्मत कार्य की जांच शुरू हो गई है। इसी के तहत तहसीलदार ने वीडियोग्राफी कराई, जो उत्तराखंड शासन को भेजी जाएगी।
बनबसा के एनएचपीसी गेट से नेपाल को जोड़ने वाले अंतरराष्ट्रीय महत्व के मार्ग की यूपी सिंचाई विभाग ने इसी वर्ष फरवरी में मरम्मत कराई थी। करीब साठ लाख रुपये की लागत से कराए गए मरम्मत कार्य की कलई पहली बरसात में ही खुल गई। जगह-जगह गड्ढे पड़ने के साथ ही यह पूरी तरह सड़क उधड़ गई। व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष संजय अग्रवाल के 20 अगस्त को उत्तर प्रदेश के राज्यपाल को प्रेषित ज्ञापन पर हुई कार्रवाई के बाद अब उत्तराखंड शासन ने भी उक्त सड़क की मरम्मत कार्य की जांच शुरू करा दी है। रविवार को तहसीलदार ने सड़क के घटिया मरम्मत कार्य की वीडियोग्राफी कराई। उन्होंने बताया कि एसडीएम के निर्देश पर उक्त सड़क की वीडियोग्राफी कराई गई है। जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि यूपी सिंचाई विभाग के ठेकेदार सड़क पर पड़े गड्ढों को पाटकर मरम्मत कार्य करा रहे हैं, जिसे उन्होंने अनुचित बताया।