टनकपुर (चंपावत)।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न होटलों एवं दुकानों में छापा मारकर खाद्य पदार्थों की जांच की और परीक्षण के लिए दो प्रतिष्ठानों से मिठाई एवं पनीर के नमूने लिए। एक दुकान में बासी मिठाई नष्ट कराई गई। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने होटल स्वामियों एवं दुकानदारों को स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के साथ ही मिलावटी, दूषित एवं एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री की बिक्री पर कठोर कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने बताया कि अन्नपूर्णा स्वीट हाउस से मिठाई और विशाल कंफेक्शनरी से गोपाल जी पनीर के नमूने लिए गए हैं। जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि दुकानदारों को मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री की बिक्री पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। दीपावली तक नियमित रूप से चेकिंग की जाएगी। चेकिंग में खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ सहायक कमल सिंह भी मौजूद थे।