चंपावत। पाटी विकासखंड के खरही ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने राजस्व विभाग की टीम पर ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने के नाम पर खानापूरी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ग्राम प्रधान और राजस्व विभाग के कर्मचारियों की मिली भगत के कारण टीम ने केवल सड़क से लगे एक खेत का निरीक्षण कर केवल औपचारिकता निभाई।
ग्रामीणों का कहना है कि खरही में ओलावृष्टि से टमाटर काश्तकारों को हजारों रुपये की चपत लगी थी। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से पीड़ितों को राहत दिए जाने की मांग उठाई थी। इस पर प्रशासन की ओर से राजस्व विभाग की टीम को मौका मुआयना करने के निर्देश दिए गए। ग्राम ईजर के टमाटर काश्तकार लालमणी शर्मा, घनश्याम शर्मा, प्रकाश शर्मा, त्रिलोचन शर्मा, प्रकाश चंद्र आदि काश्तकारों ने पटवारी और ग्राम प्रधान की ओर से अपने खेतों को दिखाने के लिए बुलाया गया था। उनका कहना है कि निरीक्षण दल काश्तकारों की भारी भीड़ को देखकर एक ही खेत का मुआयना कर वापस चले गए। काश्तकार लालमणी शर्मा, त्रिलोचन शर्मा, प्रकाश चंद्र, शेखर भट्ट, दीवान सिंह, नवीन भट्ट, जगदीश राम समेत तमाम काश्तकारों ने इस पर नाराजगी प्रकट की है। पाटी की प्रभारी एसडीएम सीमा विश्वकर्मा ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत मिलने पर संबंधित पटवारी से पूछताछ की गई तो पटवारी ने घटना से इंकार करते हुए अपने पास निरीक्षण की वीडियोग्राफी उपलब्ध होने की बात कही है। पटवारी से निरीक्षण की वीडियो क्लिप मंगवाई गई है। यदि ग्रामीणों की शिकायत सही पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।