बनबसा (चंपावत)। बनबसा के आंबेडकर ग्राम फागपुर में भटकती मिली चौदह वर्षीय किशोरी को बृहस्पतिवार को उसके परिजनों के सपुर्द कर दिया गया। यह किशोरी मंगलवार रात करीब नौ बजे आंबेडकर ग्राम फागपुर के पास लावारिस हालत में भटक रही है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना फागपुर की प्रधान गीता देवी को सूचना दी। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को इस संबंध में अवगत कराया।
किशोरी को रीड्स संस्था के उज्ज्वला पुनर्वास केंद्र के सुपुर्द किया गया। साथ ही किशोरी के परिजनों का पता लगाकर उन्हें सूचना दी गई। बृहस्पतिवार को उक्त किशोरी के माता-पिता, चाचा-चाची के यहां पहुंचने पर किशोरी को उनके सुपुर्द कर दिया गया। संस्था के परियोजना निदेशक जनक चंद ने बताया कि परिजनों के अनुसार किशोरी मानसिक रूप से परेशान है। वह पहले भी घर से चली गई थी। इस बार उसके लापता होने पर पुलिस को गुमशुदगी लिखने को कहा, लेकिन पीलीभीत पुलिस ने गुमशुदगी लिखने से मना कर दिया। ब्यूरो