चंपावत। चुनाव ड्यूटी हटाने का दबाव बना रहे कर्मचारियों की खैर नहीं। जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र नारायण पांडेय ने ऐसे कर्मचारियों को आगाह किया है।
जिलाधिकारी का कहना है कि अपरिहार्य कारणों के अतिरिक्त किसी भी कर्मचारी को ड्यूटी से नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ कर्मचारी चुनाव ड्यूटी से बचने के लिए अनावश्यक चिकित्सा प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर रहे हैं और चुनाव ड्यूटी हटाने के लिए अपनी या अपने परिवारजनों की बीमारी का बहाना बना रहे हैं।
उन्होंने नोडल व प्रभारी अधिकारी कार्मिक को निर्वाचन ड्यूटी में किसी भी प्रकार का बदलाव न करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी अपनी बीमारी के साक्ष्य प्रस्तुत कर रहे हैं, उनके स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन कर दिया गया है। मेडिकल बोर्ड की संस्तुति के आधार पर ही संबंधित कार्मिक को निर्वाचन ड्यूटी से अवमुक्त किया जा सकेगा। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंपावत डॉ.आरपी खंडूरी को आदेशित किया है कि वह चिकित्सकों का बोर्ड बनाकर अपनी उपस्थिति में कार्मिकों का स्वास्थ्य परीक्षण करें।
निर्वाचन आयोग ने की प्रेक्षकों की नियुक्ति
चंपावत। जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र नारायण पांडेय ने बताया है कि नगर निकाय चुनाव पर नजर रखने के लिए निर्वाचन आयोग ने प्रेक्षकों की नियुक्ति कर दी है। उन्होंने कहा है कि चंपावत नगरपालिका परिषद और लोहाघाट नगर पंचायत के लिए राज्यकर उपायुक्त शिवेंद्र प्रताप सिंह, तथा टनकपुर नगरपालिका और बनबसा नगर पंचायत बनबसा के लिए उपायुक्त राज्यकर नीरज कुमार प्रेक्षक नियुक्त किए गए हैं। जो संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया पर पैनी नजर रखेंगे।