लोहाघाट (चंपावत)। आदर्श राशनिंग डीलर्स वेलफेयर सोसायटी ने पूर्ति निरीक्षक पर राशन डीलरों के साथ दुव्यवहार और उत्पीड़न का आरोप लगाया है। निरीक्षक को नहीं हटाया गया, तो राशन डीलर खाद्यान्न का उठान नहीं करने के साथ आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
रविवार को सोसायटी के जिलाध्यक्ष प्रकाश बोहरा की अध्यक्षता और उपाध्यक्ष राजीव मुरारी के संचालन में हुई बैठक में राशन डीलरों ने पूर्ति निरीक्षक पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। वक्ताओं का कहना था कि पूर्ति निरीक्षक के पास लोहाघाट, बाराकोट, धूनाघाट खाद्य गोदामों का चार्ज है, जो आए दिन राशन डीलरों के साथ अभद्रतापूर्ण व्यवहार करते हुए उनका उत्पीड़न कर रहे हैं। डीलरों ने कहा कि उनके साथ दुर्व्यवहार और उत्पीड़न सहन नहीं किया जाएगा।
जरूरत पड़ी, तो राशन डीलर उग्र आंदोलन के लिए भी बाध्य हो जाएंगे। बैठक में पाटी ब्लाक अध्यक्ष शिवराज सिंह बिष्ट, चंपावत अध्यक्ष भरत राम, प्रदीप लडवाल, हेत सिंह फर्त्याल, सतीश बगौली, चंद्रमोहन जोशी, विक्रम ढेक, राजेंद्र फर्त्याल, सुमन मेहरा, सरिता देवी, सलीम जावेद आदि राशन डीलर मौजूद थे। इधर, पूर्ति निरीक्षक भरत राणा ने अभद्रता और उत्पीड़न के आरोप को खारिज किया है।