टनकपुर (चंपावत)। पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक दिनेश कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ टनकपुर रेलवे स्टेशन और निर्माणाधीन वाशिंग पिट का निरीक्षण किया। वाशिंग पिट के ट्रैक (रेल लाइन) में खामियां मिलने पर वे निर्माण इकाई के इंजीनियर पर जमकर बिफरे। उन्होंने इंजीनियर को फटकारते हुए ट्रैक की खामियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
स्वचालित दुर्घटना राहत स्पेशल ट्रेन से अधिकारियों के साथ यहां पहुंचे डीआरएम ने रेलवे स्टेशन परिसर में स्टेशन अधीक्षक कक्ष, कंट्रोल रूम, यात्री प्रतीक्षालयों, जीआरपी चौकी कार्यालय, टिकट काउंटर केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर में शौचालय के पास गंदगी पर कड़ी नाराजगी जताई। टिकट काउंटर केंद्र की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के साथ ही स्टेशन में सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। वाशिंग पिट ट्रैक के निरीक्षण में डीआरएम ने अपने सामने ट्रैक की नपाई कराई, जिसमें कई खामियां मिलने पर उन्होंने निर्माण इकाई के इंजीनियर को जमकर लताड़ लगाई।
वहीं, जीआरपी चौकी में अव्यवस्थाओं पर भी कड़ी नाराजगी जताई। डीआरएम ने कहा कि वाशिंग पिट का निर्माण जल्द पूरा करने का दबाव है। लिहाजा समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ वाशिंग पिट का निर्माण पूर्ण किया जाए। इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण खुन्नू, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर एके मिश्रा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नीतू, मंडल परिचालन प्रबंधक इंजीनियर अनूप कुमार, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर सुमित गर्ग आदि मौजूद थे।