चंपावत।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत एक वर्ष पूर्व स्वीकृत हो चुकी धौन-बड़ोली सड़क मार्ग का निर्माण शुरू नहीं होने पर ग्रामीणों ने रोष प्रकट किया है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं किए जाने के विरोध में 28 मई से जिला कार्यालय में अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है।
डीएम को भेजे ज्ञापन में ग्रामीणों की ओर से कहा गया है कि पीएमजीएसवाई की ओर से सड़क को लटकाने के लिए वन पंचायत मझेड़ा की ओर से अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं दिए जाने संबंधी पत्र डीएम को भेजा है। जबकि पूर्व में ग्राम पंचायत बस्तियागूंठ के ग्राम प्रधान नारायण दत्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में सरपंच पार्वती देवी, ध्यान भंडारी और अन्य ग्रामीणों की ओर से अनापत्ति प्रमाण पत्र विभाग को दिया जा चुका है। उनका कहना है कि पूर्व में वर्ष 2014 में हुए लोक सभा चुनाव में ग्रामीणों की ओर से रोड नहीं तो वोट नहीं का नारा दिया गया था। लेकिन तत्कालीन जिला प्रशासन ने जल्द सड़क निर्माण का आश्वासन देकर ग्रामीणों को मना लिया था, तब से अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है। ज्ञापन देने वालों में प्रकाश चंद्र थ्वाल, बीडीसी सदस्य मोहनी देवी, प्रकाश थ्वाल, रमेश चंद्र, संजय थ्वाल, जय दत्त, शेखर, एनडी भट्ट, मनी राम, रेवाधर, भुवन चंद्र, दिनेश चंद्र सहित तमाम ग्रामीण शामिल रहे।