चंपावत/लोहाघाट।
जिला मुख्यालय में शुक्रवार को भी कैश की किल्लत बनी रही। अलबत्ता कुछ एटीएम में धनराशि उपलब्ध होने से लोगों ने राहत की सांस ली। पाटी और बाराकोट में कैश की किल्लत होने से एसबीआई ने ग्राहकों को दी जाने वाली धनराशि को सीमित कर दिया है।
एसबीआई के उप प्रबंधक संजय अग्रवाल ने बताया कि जमा निकासी में अंतर होने से दिक्कतें हो रही हैं। बताया कि शुक्रवार को ग्राहकों ने 20 लाख रुपये जमा किए। जबकि निकासी 50 लाख रुपये की हुई। एसबीआई मंच को दो लाख रुपये दिए गए। उन्होंने बताया कि मुख्य एटीएम में 10 लाख रुपये डाले गए।
पंजाब नेशनल बैंक और कैनरा बैंक के एटीएम में चार-चार लाख रुपये डाले गए। जिससे लोगों को काफी राहत मिली। जिला मुख्यालय के बांकी बचे 11 एटीएम नकदी नहीं होने से शोपीस बने रहे। उधर लोहाघाट में भी कैश की किल्लत बनी हुई है। पाटी और बाराकोट में बैंक ग्राहकों को अधिकतम चार हजार रुपये की धनराशि दे पा रहा है। एटीएम खाली होने से भी लोगों की दिक्कतों में इजाफा हो रहा है। लोहाघाट के शाखा प्रबंधक नरेंद्र कुमार ने बताया कि ग्राहकों को 50 हजार रुपये की लिमिट बांधी गई है। बाराकोट के प्रबंधक श्यामहरि मिश्रा और पाटी के रवि प्रताप मौर्य ने बताया कि लोगों को दी जाने वाली धनराशि को सीमित कर दिया गया है।