टनकपुर (चंपावत)।
नंधौर वन्यजीव अभयारण्य में जंगल सफारी शुरू करने को लेकर वन विभाग तैयारी में जुटा है। महज तीन दिन बाद अभयारण्य में जंगल सफारी होने लगेगी। इसके लिए विभाग की ओर से कर्मियों की तैनाती, यात्रा रूट पर आवश्यक निगरानी व्यवस्थाएं, सड़क आदि का कार्य चल रहा है। इधर, जंगल सफारी से रोजगार मिलने की संभावना से क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह बना है। कई लोग जंगल सफारी वाहन खरीदने की तैयारी कर रहे है। वहीं पर्यटन विकास से क्षेत्र में व्यावसायिक कारोबार बढ़ने की उम्मीद से व्यापारियों में खुशी की लहर है।
जिम कार्बेट की तर्ज पर नंधौर वन्यजीव अभयारण्य को भी विकसित करने की कवायद चल रही है। वहीं मां पूर्णागिरि धाम में होली के अगले दिन से शुरू होने वाले तीन माह के मेले की भी तैयारियां चल रही हैं। एक तरफ धार्मिक पर्यटन की तैयारी तो दूसरी तरफ वन्यजीव अभयारण्य में पर्यटकों को सैर कराने की तैयारी से क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावना बढ़ गई है। विधायक कैलाश गहतोड़ी 13 जनवरी को ककरालीगेट द्वार का उद्घाटन करेंगे। उप प्रभागीय वनाधिकारी राजेश श्रीवास्तव के मुताबिक जंगली सफारी के उद्घाटन की तैयारी की जा रही है।
शुरू में वन कर्मी ही गाइड के रूप में पर्यटकों को जंगल सफारी कराएंगे। बाद में क्षेत्र के बेरोजगार युवकों को प्रशिक्षित कर गाइड के रूप में तैयार कर उन्हें स्वरोजगार दिया जाएगा। टनकपुर से नंधौर तक जंगल सफारी का मार्ग तैयार किया जाएगा, लेकिन इसमें अभी वक्त लगेगा। तब तक जंगल सफारी शुरू कर पर्यटकों को ककरालीगेट से वाया दोगाड़ी, सेनापानी, किलपुरा रेंज तक जंगल सफारी कराई जाएगी।
इधर, विधायक गहतोड़ी ने बुधवार को वन अधिकारियों से जंगल सफारी की तैयारी को लेकर जानकारी ली। विधायक ने कहा कि नंधौर अभयारण्य में टनकपुर से शुरू हो रही जंगल सफारी से सैकड़ों युवाओं को रोजगार मिलेगा। अभयारण्य को बेहतर ढंग से विकसित किया जाएगा।