चंपावत। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी ने कहा है कि यूथ कांग्रेस अक्तूबर पहले सप्ताह से पंचेश्वर बांध के डूब क्षेत्र में आ रहे गांवों का दौरा कर विस्थापित होने वाली जनता को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेगी। चंपावत, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में यह कार्यक्रम एक साथ शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस बांध का विरोध नहीं कर रही है बल्कि डूब क्षेत्र में आ रहे लोगों के उचित विस्थापन और उन्हें बेहतर सुविधाएं देने की मांग कर रही है।
जिला मुख्यालय में रविवार को हुई पत्रकार वार्ता में कापड़ी ने पंचेश्वर बांध के डूब क्षेत्र में आ रहे लोगों के विस्थापन के लिए स्पष्ट नीति न होने पर केंद्र सरकार की आलोचना की। कहा कि सरकार को हिंदी भाषा में सरल तरीके से डीपीआर तैयार कर जनता को अपनी नीति से अवगत कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि विस्थापन और पुनर्वास की डीपीआर सरकारी विभाग नहीं बल्कि बांध का निर्माण करने वाली वाप्कोस कंपनी तैयार कर रही है। यूथ कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करेगी।
उन्होंने विस्थापितों के मकान बनाने के लिए 15 लाख और गोशाला के लिए पांच लाख रुपये देने व इसके साथ जमीन का मूल्य सर्किल रेट से 10 गुना अधिक दिए जाने की मांग की। कहा कि जहां पर लोगों को विस्थापित किया जाना है वहां शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार के साथ सभी बुनियादी सुविधाएं होनी चाहिए। सरकार ऐसा नहीं करती तो यूथ कांग्रेस को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस मौके पर पिथौरागढ़ विधान सभा अध्यक्ष ऋषेन्द्र महर, लोहाघाट विधानसभा अध्यक्ष कविराज मौनी, लोक सभा सचिव सूरज प्रहरी, महासचिव चंचल सिंह कुंवर आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।