लोहाघाट (चंपावत)। आयकर टीडीएस की धनराशि जमा न करने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहाघाट के आहरण-वितरण पर लगी रोक 31 जुलाई तक हटा दी गई है। अस्पताल की ओर से आयकर की आधी धनराशि जमा करने के बाद आयकर विभाग द्वारा छूट दी गई है जिससे स्वास्थ्य कर्मियों को राहत मिली है। एक सप्ताह के भीतर कर्मचारियों को वेतन का भुगतान हो जाएगा।
वर्ष 2013-14 एवं 2014-2015 में आयकर टीडीएस जमा करने की ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी न हो पाने के कारण आयकर विभाग द्वारा आहरण-वितरण खाते पर रोक लगा दी गई थी। अस्पताल पर करीब चार लाख रुपये का बकाया पेनाल्टी लगाई गई थी। अस्पताल की ओर से बीते माह लगभग पचास फीसदी धनराशि जमा कर दी गई है जिसके एवज में आयकर विभाग ने 31 जुलाई तक आहरण वितरण पर लगी रोक को हटा लिया है।
अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉ. मंजीत सिंह ने बताया है कि अवशेष बकाए के भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी कर दी जाएगी। आयकर विभाग द्वारा दी गई छूट के बाद अब बीते मार्च से स्वास्थ्य कर्मियों के रुके वेतन का एक सप्ताह के भीतर भुगतान हो जाएगा। आयकर विभाग की ओर से दी गई छूट एवं वेतन जारी करने की प्रक्रिया पर डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुरेश जोशी, जिला मंत्री मनोज कुमार आर्य, प्रेम राम टम्टा, सतीष पांडेय, लक्ष्मण गिरी, ज्योति नरियाल, अशोक कुमार आदि ने खुशी जताई है।
वेतन प्रकरण पर जानकारी लेने सीएचसी पहुंचे एसीएमओ डॉ. इंद्रजीत पांडेय ने भी आयकर विभाग द्वारा एक माह की छूट प्रदान करने पर संतोष जताया। उन्होंने कर्मचारियों के वेतन आहरण पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।