लोहाघाट (चंपावत)। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश के लोहाघाट आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। रविवार को जिला पंचायत अध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं ने सत्तारूढ़ भाजपा द्वारा लगातार कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न करने की बात कही। उन्होंने कहा इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि हर कार्यकर्ता के सम्मान के लिए एकजुट होकर कार्य किया जाएगा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आगामी पंचायती चुनावों के लिए कमर कसने का आह्वान किया। प्रीतम ने कहा कि हम हारे हैं लेकिन डरे नहीं हैं।
कांग्रेस फिर से सत्ता में आएगी। नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने कहा कि पार्टी में गुटबाजी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांग्रेस एकजुट होकर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जीत दर्ज करेगी। कविराज मौनी के संचालन में हुई बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह देव, भगीरथ भट्ट, हरगोविंद बोहरा, मनोहर ढेक, चतुर मेहता, भगत राम, प्रहलाद अधिकारी, पूरन कठायत, नवीन मुरारी, डॉ. महेश ढेक, दीवान बिष्ट, दरवान फर्त्याल, बासुदेव भट्ट, श्याम सिंह, गोविंद पचौली, भवानी टम्टा, बल्लू माहरा आदि मौजूद रहे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम ने फहराया सेवादल का ध्वज
चंपावत। जिला मुख्यालय के कांग्रेस कार्यालय में रविवार को सेवादल कांग्रेस की ओर से ध्वज वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने ध्वज फहराया।
सेवादल कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरीश चौधरी ने बताया कि पार्टी की ओर से प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को ध्वज वंदन कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस मौके पर महिला अध्यक्ष कमला पांगती, प्रदेश मंत्री कमला पंत, जिलाध्यक्ष उत्तम देऊ, चेयरमैन विजय वर्मा, विकास साह, रोहित बिष्ट, सूरज प्रहरी, राजेश जोशी सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।