टनकपुर (चंपावत)। विश्व हिंदू सेवा संगठन के कार्यकर्ताओं ने राजाराम चौराहा से रेलवे स्टेशन की ओर मार्ग के दोनों तरफ हुए अतिक्रमण को जल्द हटाने की मांग की है। इस बाबत संगठन के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को एसडीएम दयानंद सरस्वती को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई कराने का आग्रह किया है। कहा गया है कि कुछ लोगों ने मार्ग किनारे अतिक्रमण कर रखा है जिससे हादसे का भय बना रहता है।
इस अतिक्रमण को हटाकर पैदल राहगीरों के लिए सीसी या टाइल्स लगाकर पैदल मार्ग का निर्माण कराया जाए ताकि पैदल चलते लोग सुरक्षित ढंग से अपने गंतव्य तक आ-जा सकें। संगठन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए प्रशासन को एक माह समय देते हुए उग्र आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में सभासद दीपक बेलवाल, विकास सिंह धामी, योगेश कुंवर, आदर्श कुमार, शेखर कुमार आदि शामिल थे।