टनकपुर (चंपावत)। जिले की ओपन पुरुष क्रिकेट टीम के चयन के लिए खिलाड़ियों का ट्रायल्स बुधवार को संपन्न हो गया। टीम के लिए 16 खिलाड़ियों का चयन किया गया है जो 30 जून तक स्टेडियम में कैंप कर प्रशिक्षण लेंगे। इन 16 खिलाड़ियों में से ही जिले की टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
बीते मंगलवार से स्टेडियम मैदान में जिला क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया शुरू हुई। एसोसिएशन के अध्यक्ष पूर्व पालिकाध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह रावत ने बताया कि ट्रायल में जिले के 25 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया जिनमें से 16 खिलाड़ी चयनित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को स्टेडियम में कैंप कराकर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद जिले की टीम के लिए खिलाड़ियों का फाइनल चयन होगा। ट्रायल संपन्न कराने में एसोसिएशन अध्यक्ष के अलावा सचिव हरि सिंह महर, कोच दीपक सेठी, संजय सिंह चौहान, अशोक आदि ने सहयोग दिया।
उन्होंने बताया कि चयनित टीम उत्तरांचल क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में देहरादून में होने वाली आगामी ओपन पुरुष वर्ग क्रिकेट चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेगी।