टनकपुर (चंपावत)। थ्वालखेड़ा के समीप जंगल में एक महिला का संदिग्ध अवस्था में सड़ा-गला शव मिला है। मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद पहचान के लिए शव मोर्चरी में सुरक्षित रखा है। पुलिस का अनुमान है कि महिला मानसिक रूप से कमजोर थी। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगी।
शुक्रवार सुबह शारदा रेंज के वन कर्मी जंगल में गश्त पर गए तो थ्वालखेड़ा गांव के पास जंगल में रास्ते किनारे एक महिला का शव पड़ा दिखाई दिया। डिप्टी रेंजर कैशाल गुणवंत की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
उप निरीक्षक अंजू यादव के मुताबिक महिला की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष होगी। उसकी पहचान नहीं हो पाई है। शव करीब दस दिन पुराना होने का अनुमान है। उप निरीक्षक अंजू ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद पहचान के लिए शव को 72 घंटे के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। महिला कौन है और उसकी मौत कैसे हुई इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
पुलिस के मुताबिक कुछ लोगों ने मृतक महिला को कुछ दिन पूर्व थ्वालखेड़ा गांव के आसपास घूमते देखा था जिससे महिला के मानसिक रूप से कमजोरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है।