चंपावत। जिले में प्रतिदिन 1.20 लाख लीटर पानी बांटने के बाद भी उपभोक्ताओं को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। नौ अप्रैल से अब तक पानी बांटने में जल संस्थान का 15.45 लाख रुपये का खर्च आ चुका है।
पानी बांटने के लिए टैंकर और पिकप से प्रतिदिन 49 चक्कर लग रहे हैं। इसमें चंपावत की अपेक्षा लोहाघाट में अधिक चक्कर लग रहे हैं। टैंकर और पिकप से लोहाघाट में 28 और चंपावत में 21 चक्कर लग रहे हैं। उसके बाद भी पानी के लिए किल्लत बनी हुई है।
लोग पानी के लिए सुबह से ही हैंडपंप, धारे, नौले पहुंच रहे हैं। बाजार क्षेत्र में पानी का टैंकर और पिकप पहुंचते ही लोगों के बीच पानी के लिए मारामारी शुरू हो जाती है। बाजार क्षेत्र में लगे हैंडपंपों पर पानी भरने और कपड़े धोने वालों की भीड़ तेज धूप में भी कम नहीं हो रही है।
आरके वर्मा, एई, जल संस्थान, चंपावत ने बताया कि पानी बांटने में अब तक लगभग 15.45 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। प्रतिदिन 1.20 लाख लीटर पानी बांटा जा रहा है। टैंकर और पिकप रोजाना चंपावत और लोहाघाट में 49 चक्कर लगा रहे हैं।