बनबसा (चंपावत)। ऊर्जा निगम की सतर्कता टीम ने क्षेत्र में छह लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा। विभाग ने रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट थाने में दर्ज करा दी है।
बुधवार देर शाम को हल्द्वानी से आई ऊर्जा निगम की सतर्कता विभाग की टीम ने क्षेत्र में छापा मारा। इस दौरान क्षेत्र में छह लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। पंपापुर निवासी पुष्कर सिंह, मुन्नी देवी, पचपकरिया निवासी विरेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, मीनाबाजार निवासी संजीव कुमार, बमनपुरी निवासी भुवन सिंह को सतर्कता टीम ने बिजली चोरी के आरोप में पकड़ा।
टीम ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी है। विभाग ने आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत पुलिस थाने में मुकदमा पंजीकृत करा दिया है। इस दौरान सहायक अभियंता सतर्कता अंबिका प्रसाद यादव, अवर अभियंता सतर्कता ओपी शर्मा, यूपीसीएल टनकपुर के एसडीओ सोएब रजा, अवर अभियंता (पूर्णागिरि क्षेत्र) नरेंद्र प्रसाद, लाईन मैन राजेंद्र सिंह उर्फ राजू आदि थे।
एसडीओ ने बताया कि क्षेत्र में बिजली चोरी पर नियंत्रण को लेकर छापामार कार्रवाई जारी रहेगी। पिछले माह भी यूपीसीएल सतर्कता विभाग ने छह लोगों को बिजली चोरी के आरोप में पकड़ा था। ब्यूरो