लोहाघाट (चंपावत)। एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) की ओर से विकासखंड पाटी के थुवामौनी में 10 दिनी डेयरी उद्यमिता और वर्मी कंपोस्ट निर्माण प्रशिक्षण शुरू हो गया है। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र सिंह मौनी, प्रहलाद सिंह मौनी ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया। आरसेटी के निदेशक जनार्दन चिलकोटी ने प्रशिक्षणार्थियों को सरकार की विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने प्रशिक्षण का लाभ लेकर सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न प्रकार की अनुदान वाली योजनाओं के तहत बैंक से ऋण प्राप्त कर स्वरोजगार अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने वीडियो क्लिपिंग के माध्यम से उद्यम शीलता के 15 गुणों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। चिल्कोटी ने प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद सभी प्रशिक्षणार्थियों को बैंक ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड, नाबार्ड के तहत डेयरी विकास ऋण, मुद्रा ऋण व अन्य योजनाओं के तहत ऋण मुहैय्या कराने के बारे में बताया। क्षेत्र के 35 लोग प्रशिक्षण का लाभ उठा रहे हैं। इस दौरान संस्थान के प्रकाश जोशी, सुविधा संस्था के प्रतिनिधि हरीश चंद्र भट्ट आदि मौजूद रहे।