लोहाघाट (चंपावत)। गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर आर्गेनाइजेशन की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस दौरान पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पेंशनरों ने उनकी मांगों को जल्द पूरा न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
मंगलवार को नगर पंचायत सभागार में जिलाध्यक्ष हयात सिंह तड़ागी की अध्यक्षता और प्रदेश महामंत्री बची सिंह रावत के संचालन में आयोजित बैठक में पेंशनरों ने पेंशन वृद्धि का स्पष्ट शासनादेश जारी न होने पर गहरी नाराजगी जताई।
वक्ताओं ने राज्य सरकार पर उनके साथ छलावा करने का आरोप लगाया। पेंशनरों का कहना था कि वर्ष जनवरी 2016 से संशोधित पेंशन का भुगतान केंद्र सरकार की तर्ज पर नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने अटल आयुष्मान स्वास्थ्य योजना लागू करने, ओपीडी भत्ता स्वीकृत करने, अस्पताल से अग्रसारण व्यवस्था समाप्त करने, जुलाई 2001 से पूर्व सेवानिवृत्त प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों को पंचम वेतनमान स्वीकृत करने, वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क यात्रा पास जारी करने आदि की मांग उठाई।
बैठक में बीडी राय, प्रहलाद सिंह मेहता, खुशाल सिंह माहरा, बीडी कलौनी, पदमा दत्त पुनेठा, श्याम सिंह ढेक, भगवान सामंत, जगराज देउपा, रमेश पाटनी, लक्ष्मी उप्रेती, रमेश पुनेठा, किशन पुनेठा, धर्मानंद जोशी आदि मौजूद रहे।