बनबसा (चंपावत)। पूर्व सैनिक और ग्लोबल विजन कैंसर केयर संस्था के उत्तराखंड प्रभारी उत्तम चंद ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज बनबसा में एक गोशाला बनाए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि पिछले पांच-छह वर्षों से क्षेत्र में लावारिस गायों की संख्या बढ़ गई है।
पूर्व सैनिक ने क्षेत्र में लावारिस गायों की दिनोंदिन बढ़ रही संख्या को देखते हुए सीएम को ज्ञापन भेजा है।
ज्ञापन में लिखा गया है कि लोग अथवा ग्रामीण वृद्ध (दूध न देने वाली) गायों को पालने की बजाय लावारिस छोड़ रहे हैं। इससे लावारिस गायों की सही देखरेख और पालन नहीं हो पा रहा है। वहीं क्षेत्र में बढ़ती लावारिस गायें क्षेत्र के किसानों के लिए भी परेशानी का सबब बनी हुई हैं। लावारिस गायें भोजन की तलाश में किसानों के खेतों में खड़ी फसल खा कर रहीं हैं।
उन्होंने बनबसा में खाली पड़ी सरकारी जमीन पर लावारिस गायों के लिए एक गोशाला बनाने की मांग की है। इसके अलावा उन्होंने आवारा पशुओं के लिए एक खोड़ (कांजी हाउस) के निर्माण की भी मांग की है।