लोहाघाट (चंपावत)। बर्दाखान-बिसराड़ी सड़क की बदहाली से लोगों में गुस्सा है। बदहाल सड़क पर आवाजाही में हो रही दिक्कतों से परेशान ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत करने की मांग की है। उन्होंने सड़क की हालत को जल्द नहीं सुधारने पर डीएम से शिकायत करने की चेतावनी दी है।
ग्रामीण नंदाबल्लभ बगौली, हरीश चंद्र, श्याम सिंह, मोहन चंद्र आदि का कहना है कि लोनिवि द्वारा करीब दो वर्ष पूर्व बर्दाखान-बिसराड़ी सड़क मार्ग पर डामरीकरण किया गया था। घटिया कार्य के कारण सड़क से डामर उखड़ने के साथ उसमें जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार सड़क की हालत सुधारने की मांग करने के बावजूद लोनिवि खराब मौसम का हवाला देकर अपना पल्ला झाड़ रहा है। इधर लोनिवि के अधिशासी अभियंता बीसी पंत का कहना है कि सड़क की मरम्मत जल्द की जाएगी।