चंपावत। सातवें गोलज्यू महोत्सव को लेकर नगर पालिका ने तैयारी शुरू कर दी है। नगर पालिका ने इस बार गोलज्यूू महोत्सव में बाहर से आने वाले व्यापारियों की ओर से लगाई जाने वाली दुकानों का ठेका 10 लाख रुपये में दे दिया है। गोरलचौड़ मैदान में 150 दुकानें बाहरी व्यापारियों की ओर से लगाई जाएंगी।
जबकि स्थानीय व्यापारियों को 35 दुकानें आवंटित होंगी, जिसका किराया नगर पालिका तय करेगी। गोलज्यू ग्रीष्मोत्सव में 5 से 9 जून तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा जिसमें स्थानीय कलाकारों के साथ अन्य जिलों से आए सांस्कृतिक दल कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
नगर पालिका और गोलज्यू ग्रीष्मोत्सव समिति के अध्यक्ष विजय वर्मा ने वार्ड सभासदों के साथ पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शनिवार को मुलाकात की। उन्होंने एसपी धीरेंद्र गुंज्याल से महोत्सव के दौरान गौरलचौड़ रोड में ट्रैफिक को वन वे करने की मांग की और मेले को रात 11 बजे तक संचालित करने की अनुमति मांगी। एसपी ने मेले के आयोजन में पूरा सहयोग करने के साथ बाजार में गश्त बढ़ाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा दिया।