चंपावत। जिले के लधियाघाटी क्षेत्र के 40 फीसदी किसानों को किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। ग्राम पंचायत टांड के ग्राम प्रधान खीमानंद गड़कोटी ने बताया की लधियाघाटी क्षेत्र की टांड, साल, मछियाड़, परेवा, विनवालगांव, चौड़ापिता, चौड़ामेहता, रमक, बालातड़ी, खरही, भिंगराड़ा सहित दर्जनों ग्राम पंचायतों के सैकड़ों लोगों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के तहत मिलने वाले 2000 रुपये की धनराशि का लाभ नहीं मिल पाया है।
उनका कहना है कि लाभार्थियों के कागजों में गड़बड़ी के कारण काफी लोगों के फार्म तहसील कार्यालय से संबंधित ग्राम पंचायतों के प्रधानों को वापिस कर दिए गए थे। ग्राम प्रधानों की ओर से इन फार्मों का सुधारीकरण कर पुन: तहसील कार्यालय पहुंचा दिया गया है।
लाभार्थी क्षेत्र के संबंधित पट्टी पटवारियों एवं ग्राम प्रधानों से पूछताछ कर रहे हैं तो पता चल रहा है कि तहसील कार्यालय में सुधारीकरण हुए फार्मों को कंप्यूटर में फीड करने वाला कोई नहीं है।
घाटी क्षेत्र के डूंगर देव, जशोधर, देवकीनंदन, रेवाधर, नारायण आदि लोगों का कहना है कि उन्हे ंअभी तक पहली किस्त भी नहीं मिल पाई है।