चंपावत। जिले के भिंगराड़ा बाजार के नैनीताल बैंक रोड स्थित व्यवसायियों, शिशु मंदिर और आईटीआई के छात्र-छात्राओं को पीने के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। पानी की किल्लत को लेकर जल संस्थान के जेई से बात करने पर भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। बीते पांच दिनों से पानी नहीं मिल रहा है।
बाजार के प्रकाश भट्ट, नवीन जोशी, हरीश भट्ट, खिलानंद भट्ट आदि ने बताया कि यहां के लिए बनाई गई पेयजल लाइन काफी पुरानी हो गई है और जगह जगह से टूट गई है, जिससे पानी नहीं आ रहा है। बाजार में दो हैंडपंप भी लगे हैं, जिसमें से भी पीने योग्य पानी नहीं आता है। नागरिकों का कहना है कि जल संस्थान की ओर से पेयजल लाइन को जल्द ठीक नहीं किया गया तो जल संस्थान के खिलाफ आंदोलन को मजबूर होना पड़ेगा।