लोहाघाट (चंपावत)। बदहाल चौड़ाढेक-सुंई मोटर मार्ग की मरम्मत के लिए सुंई खैसकांडे के ग्रामीणों ने आवाज उठाई। सुंई के सामाजिक कार्यकर्ता भुवन चौबे के नेतृत्व में शनिवार को विधायक को ज्ञापन सौंपकर ग्रामीणों ने सड़क में हॉटमिक्स करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना था कि पांच किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग की बदहाली के कारण वाहनों के संचालन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बदहाल सड़क पर आए-दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग आईटीबीपी छमनियां, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, कृषि विज्ञान केंद्र, निमार्णाधीन बहुउद्देश्यीय राज्य स्तरीय स्टेडियम और केंद्रीय विद्यालय के अलावा बाराकोट-पिथौरागढ़ सड़क को जोड़ता है। वर्तमान में इस मार्ग पर दो स्क्रबर टूट चुके हैं, जिससे कभी भी मार्ग बाधित हो सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार बदहाल सड़क को ठीक करने की मांग उठाई जा चुकी है लेकिन अभी तक सड़क की हालत नहीं सुधरी है। वहां कैलाश पांडेय, गोकुल चौबे, मनीष खर्कवाल, उर्वादत्त चौबे, मोहन चौबे आदि थे। विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने जल्द ही सड़क की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया।