चंपावत। जिला मुख्यालय के गोरलचौड़ मैदान में रविवार को कृषि मेले का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा, विधायक पूरन फर्त्याल और कैलाश गहतोड़ी ने फीता काटकर किया। कृषि मेले में रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई।
कृषि मेले में लगभग तीस से अधिक विभागों ने स्टॉल लगाए। स्टॉलों के माध्यम से दूर-दराज के गांवों से आए किसानों ने अपने उत्पादों की जानकारी भी लोगों को दी। कृषि विभाग के माध्यम से किसानों को कृषि संबंधी उपकरण भी दिए गए। मेले में कृषि, उद्यान, पशुपालन, आंगनबाड़ी, चिकित्सा विभाग, समाज कल्याण, मत्स्य, पर्यटन, भेषज, आंगनबाड़ी, स्वयं सहायता समूह गोशनी, आजीविका स्वायत्त सहकारिता समिति सिप्टी समेत कई विभागों के स्टाल लगाए गए थे।
कृषि अधिकारी एस कुमार ने बताया आत्मा के तहत कृषि मेले का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि स्टॉलों के माध्यम से लोगों ने खरीदारी भी की।
लोगों ने सुना मन की बात कार्यक्रम
चंपावत। कृषि मेले में मौजूद लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी सुनाया गया। इसमें प्रधानमंत्री की ओर से विभिन्न योजनओं की जानकारी दी गई। इस दौरान विकासखंड और जिला स्तर पर किसान श्री और किसान भूषण पुरस्कार भी दिए गए। जिला उद्यान अधिकारी एनके आर्या ने बताया कि कृषि मेले में लगभग 45 किसानों को सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रथम श्रेणी में 15, द्वितीय श्रेणी में 15 और तृतीय श्रेणी में 15 किसानों को पुरस्कार दिया गया।
इन लोगों ने किया स्टॉलों का निरीक्षण
केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा, विधायक कैलाश गहतोड़ी और पूरन फर्त्याल, डीएम रणवीर सिंह चौहान, पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल, एडीएम टीएस मर्तोलिया, डीएफओ केएस बिष्ट, सीडीओ एसएस बिष्ट, एसडीएम सीमा विश्वकर्मा, पीडी एचसी भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष राम दत्त जोशी आदि ने स्टॉलों का निरीक्षक कर जानकारी हासिल की।