लोहाघाट/पाटी (चंपावत)। बाराकोट, लोहाघाट,पाटी में बैंकों में कैश की कमी के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को जरूरत के हिसाब से बैंक से भुगतान न मिलने के कारण लोग काफी परेशान हैं। लोगों को कर्ज लेकर अपना काम चलाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
बैंकों में शनिवार, रविवार को अवकाश होने के कारण सोमवार को बैंकों में उपभोक्ताओं की भीड़ रही। कैश लेने के लिए सुबह से लोग बैंकों की ओर आने लगे। सोमवार को भी लोहाघाट एसबीआई शाखा में सामान्य उपभोक्ताओं को अधिकतम 20 हजार रुपये का भुगतान किया गया। शाखा प्रबंधक नरेंद्र कुमार का कहना है कि बैंक में कैश की कमी के कारण काफी दिक्कतें हो रही हैं। मंगलवार को बैंक में कैश आने की उम्मीद है, उसके बाद कैश वितरण की लिमिट बढ़ेगी। वहीं बाराकोट एसबीआई में सामान्य उपभोक्ताओं को मात्र चार पांच हजार रुपये का ही भुगतान किया जा रहा है। इसके चलते उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतें हो रही हैं। शाखा प्रबंधक श्यामहरि मिश्रा का कहना है कि नया कैश मिलने के बाद वितरण की लिमिट बढ़ाई जाएगी। वहीं पाटी में सामान्य उपभोक्ताओं को पांच हजार, जरूरतमंद लोगों को 20 हजार रुपये तक का भुगतान किया गया। शाखा प्रबंधक रवि मौर्या का कहना है कि मांग के अनुरूप बैंक को कैश न मिलने से परेशानी हो रही है।
नकदी में छोटे नोटों की भरमार होने से बढ़ी परेशानी
चंपावत। रिजर्व बैंक से मिले 29 करोड़ रुपये की गिनती का काम भारतीय स्टेट बैंक ने पूरा कर लिया है। 29 करोड़ रुपये में 2000, 200 और 100 रुपये का एक नोट भी नहीं है। इसमें छोटे नोटों की भरमार है। जिसके चलते इससे लोगों को कोई खास राहत नहीं मिल पा रही है। एसबीआई के उप प्रबंधक निर्मल भट्ट ने बताया कि रिजर्व बैंक से मिली राशि में 2000, 200 और 100 रुपये का एक नोट भी नहीं है। बताया कि रिजर्व बैंक ने 500 रुपये के 15 करोड़, 50 के दस करोड़ और दस रुपये के चार करोड़ रुपये दिए हैं। उनका कहना है कि छोटे नोट लेने से ग्राहक कतरा रहे हैं। जिससे बैंक को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा छोटे नोट एटीएम में भी नहीं डाले जा सकते। यही वजह है कि अधिकतर एटीएम खाली हैं। जिला मुख्यालय के 14 एटीएम में से अधिकतर खाली रहे। केनरा बैंक, बैंक आफ बड़ौदा और पीएनबी के एटीएम से धनराशि निकल रही थी। एसबीआई का मुख्य एटीएम भी शाम को रकम डालने के बाद चालू हो सका।