बनबसा (चंपावत)।
शारदा इंटर कॉलेज का वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न हुआ। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा पुरस्कार वितरण और सम्मान समारोह भी हुआ। राजू गुप्ता द्वारा प्रस्तुत ग्रेट मैजिक शो ने सभी का मन मोह लिया।
बुधवार देर शाम वार्षिकोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि टनकपुर पावर स्टेशन के महाप्रबंधक रईस मियां और विशिष्ट अतिथि मुख्य शिक्षाधिकारी आरसी पुरोहित ने किया। सरस्वती वंदना और स्वागत गीत के बाद अतिथियों का स्वागत छोलिया नृत्य से किया गया। प्रधानाचार्य विमल कुमार मिश्र ने वार्षिक प्रगति आख्या प्रस्तुत की। छात्र-छात्राओं ने सड़क दुर्घटना, स्वच्छता अभियान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ विषयों पर नाटिकाएं प्रस्तुत की। छात्राओं ने कुमाऊंनी, राजस्थानी, गुजराती, पंजाबी नृत्य प्रस्तुत कर समा बांध दिया।
सरस्वती संगीत कला केंद्र के संगीताचार्य पं. जितेंद्र भट्ट द्वारा प्रस्तुत कव्वाली ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इस दौरान विद्यालय के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। पूर्व प्रधानाचार्य राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त बंशीधर उपाध्याय, सलविंदर कौर, करन सिंह, आरके तिवारी के अलावा सेवानिवृत्त शिक्षक दानी चंद, हयात सिंह चौहान को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। संचालन मनमोहन गोस्वामी ने किया। समारोह में एनएचपीसी के मुख्य अभियंता अमिताभ झा, डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरसी पुरोहित, पीटीए अध्यक्ष नत्थूलाल, लक्ष्मी देवी, रविंद्र पांडेय, आईडी तिवारी आदि थे।