टनकपुर (चंपावत)। हाथियों का झुंड पिछले एक सप्ताह से भले ही गांवों में घुसकर उत्पात न मचा रहा हो, लेकिन हाथियों का झुंड अब भी गांव से लगे जंगलों में ही घूम रहा है। मंगलवार को बस्तिया गांव के पास किरोड़ा रोखड़ में सात हाथियों का झुंड दिखाई पड़ा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। हाईवे पर आते-जाते वाहन रोककर यात्रियों ने भी हाथियों के झुंड को देखा।
लंबे समय से जंगल से लगे गांवों में उत्पात मचा रहे हाथियों के झुंड की पिछले एक सप्ताह से गांवों में दस्तक बंद है। इससे ग्रामीण राहत में थे, लेकिन मंगलवार को बस्तिया के पास किरोड़ा रोखड़ में हाथियों का झुंड दिखाई पड़ने से हाथियों के गांव से लगे जंगल में ही घूमने की बात पुष्ट हुई है। दोपहर शाम करीब चार बजे एक साथ सात हाथियों का झुंड किरोड़ा रोखड़ में खड़ा दिखाई पड़ा। पता चलते ही हाथी देखने को हाईवे में लोगों की खासी भीड़ लग गई। आते-जाते वाहनों में सवार यात्रियों ने भी वाहन रुकवाकर हाथियों के झुंड को देखा। करीब आधे घंटे तक एक स्थान पर खड़ा रहा यह झुंड बाद में जंगल में चला गया।