चंपावत। कुमाऊं मंडलायुक्त राजीव रौतेला ने नगरपालिका, नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नगर क्षेत्र में शौचालय पिट खोलने वालों को चिह्नित कर उनके नाम सार्वजनिक करें। आम चौराहों पर उनका नाम चस्पा होने से वह शर्मसार होकर ऐसी हरकतों से बाज आएंगे। उन्होंने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से नगर क्षेत्र में वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों और महिलाओं के एक स्थल विकसित कर उसका सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने विद्युत विभाग को पोलों पर नंबर एवं वार्ड का नाम अंकित करने के साथ ही रात्रि में एक कर्मचारी को ड्यूटी में रखने को कहा। जल संस्थान एवं जल निगम को हैंडपंपों पर संख्या एवं वार्ड का नाम अंकित करने, समय-समय पर पानी का परीक्षण कराते रहने को कहा। इस अवसर पर प्रभारी अधिकारी अनिल गर्ब्याल, अधिशासी अभियंता जल संस्थान अशोक कुमार, ईओ अभिनव कुमार, कमल कुमार आदि मौजूद थे।
लावारिस पशुओं, बंदरों को नगर से बाहर करें
चंपावत। मंडलायुक्त ने लावारिस पशुओं और कुत्तों का आंकलन कर तुरंत कार्रवाई अमल में लाने के साथ ही बंदरों को नगर से बाहर करने को कहा। उन्होंने भिखारियों, चलते-फिरते बच्चों की सामग्री बेचने वालों पर पैनी नजर रखने और उनका पुलिस के माध्यम से सत्यापन कराने को कहा।
सफाई पखवाड़े की कार्ययोजना बनाने के निर्देश
चंपावत। मंडलायुक्त ने बताया कि 14 से 27 मई तक सफाई पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसके लिए 10 मई तक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने ईओ को शौचालयों की स्थितिं, सफाई व्यवस्था, पानी की उपलब्धता पर भी नजर रखने के निर्देश दिए।